देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
गुरु पूर्णिमा पर पचपदरा के वृंदावन धाम भगवती आश्रम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
फूलों से महका वृंदावन धाम आश्रम: गुरु मां भगवती के दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें गुरु मां श्री भगवती का लिया आशीर्वाद

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
पचपदरा। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर पचपदरा स्थित प्रसिद्ध वृंदावन धाम भगवती आश्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र बना रहा। गुरु पूजन के इस विशेष अवसर पर अलसुबह से ही हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचने लगे। दिनभर गुरु मां श्री भगवती के दर्शन और आशीर्वाद के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
मंदिर समिति के प्रवक्ता जयप्रकाश कोठारी ने बताया कि प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने गुरु मां श्री भगवती के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अपने परिवार, क्षेत्र और देश में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
भव्य पुष्प सज्जा बनी आकर्षण का केंद्र
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में संपूर्ण आश्रम परिसर को देसी एवं विदेशी फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मनमोहक पुष्प सज्जा ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। पूरा परिसर गुरु मां के जयघोष, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक वातावरण से गुंजायमान रहा। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर शांतिपूर्वक गुरु मां का आशीर्वाद प्राप्त करते रहे।
राजस्थान और गुजरात से पहुंचे श्रद्धालु
धार्मिक आयोजन में बालोतरा, सिवाना, जोधपुर, बाड़मेर सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं पड़ोसी राज्य गुजरात के अहमदाबाद और डीसा से भी भक्त बड़ी श्रद्धा के साथ आश्रम पहुंचे और गुरु मां के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दिनभर चले इस धार्मिक आयोजन में दर्शन, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद का क्रम निरंतर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया।

Subscribe to my channel


