बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
गंगाशहर के मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान, 5 अगस्त तक करें आवेदन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
गंगाशहर। गंगाशहर नागरिक परिषद्, कोलकाता द्वारा क्षेत्र में शिक्षा, सेवा एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 अगस्त 2026 को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। परिषद् के मंत्री मनीष सेठिया ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे टी.एम. ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जहां गंगाशहर क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मोटिवेशनल स्पीकर एवं करियर गाइडेंस विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिलेगा।
परिषद् के अध्यक्ष प्रदीप चैपड़ा, जो शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हैं और उनकी संस्था आईलीड पश्चिम बंगाल का एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान है, के नेतृत्व में यह पहल की जा रही है।
संयोजक जतनलाल दूगड़ ने बताया कि प्रतिभा सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने वाला विद्यार्थी गंगाशहर का निवासी होना चाहिए तथा किसी भी जाति या धर्म से संबंधित हो सकता है। वर्ष 2026 की माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक, जबकि स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा CA, CS, ICWA, MBBS, LLB, MS, MD, MBA, MCA, BE, ME, IAS, IRS, IPS, IIT, IIM अथवा अन्य समकक्ष प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में वर्ष 2025-26 के दौरान प्रवेश प्राप्त करने या अंतिम परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले गंगाशहर निवासी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
परिषद् ने खेल, सांस्कृतिक, विज्ञान एवं अन्य क्षेत्रों में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
आयोजन प्रभारी भैरूंदान सेठिया ने बताया कि आवेदन के साथ आवेदक का नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, विद्यालय/महाविद्यालय का विवरण, आधार कार्ड की प्रति, अंकतालिका या प्रमाणपत्र की प्रति तथा पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन विद्यालय प्रधानाचार्य अथवा महाविद्यालय प्राचार्य से प्रमाणित होना चाहिए।
उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सामसुखा ने बताया कि परिषद् भविष्य में भी गंगाशहर क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए कई नई योजनाओं पर कार्य करेगी।
आवेदन की अंतिम तिथि: 5 अगस्त 2026
आवेदन जमा करने का स्थान:
गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल, मुख्य बाजार, गंगाशहर, कमरा नंबर-18
समय: सुबह 10:00 से 12:00 बजे एवं शाम 5:00 से 6:00 बजे
संपर्क:
विनीत बोथरा – 9351165483
जतनलाल दूगड़ – 9772179999
भैरूंदान सेठिया – 9414140799
5 अगस्त 2026 के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन प्रतिभा सम्मान समारोह के लिए स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Subscribe to my channel


