देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
347,985 हस्ताक्षरों के साथ निकला गो सम्मान का महासंकल्प, बालोतरा से राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम भेजा गया ज्ञापन
हजारों लोगों की मौजूदगी में निकला विशाल जनजागरण काफिला, 6,327 पृष्ठों में संकलित हस्ताक्षर जिला कलक्टर के माध्यम से भेजे गए

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। गो माता को राष्ट्रमाता घोषित करने, भारतीय गोवंश को राष्ट्रीय विरासत का दर्जा देने तथा गो संरक्षण के लिए प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर सोमवार को बालोतरा में गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत ऐतिहासिक जनआंदोलन का आयोजन किया गया। अभियान के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलक्टर के माध्यम से प्रेषित किए गए।
अभियान के संरक्षक संत सनातन महाराज ने बताया कि देशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत 3 लाख 47 हजार 9 नौ 85 नागरिकों के हस्ताक्षर एकत्रित किए गए, जिन्हें 6,327 पृष्ठों में संकलित कर ज्ञापन के साथ भेजा गया। ज्ञापन में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48 एवं 51 (ए)(जी) की मूल भावना के अनुरूप गोवंश संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने की मांग की गई है।
कार्यक्रम के दौरान बालोतरा शहर में महिलाओं, युवाओं, संत समाज एवं गौभक्तों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। विशाल वाहन एवं पैदल काफिला हनुमान भवन से रवाना होकर गौर का चौक, शास्त्री चौक, रेलवे स्टेशन, पचपदरा रोड, इलोल ब्रिज होते हुए जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचा। काफिले में लोगों ने “गो माता को राष्ट्रमाता घोषित करो”, “गोवंश संरक्षण के लिए सशक्त कानून बनाओ” जैसे नारों के साथ जनजागरण किया।
अभियान के दौरान संत समाज के आशीर्वाद से सभी प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र सरकार से गोवंश संरक्षण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। ज्ञापन में केंद्रीय गोवंश मंत्रालय के गठन, गो संरक्षण के लिए एक समान राष्ट्रीय कानून, प्रत्येक ग्राम पंचायत में नंदीशाला की स्थापना, गो आधारित प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा, गो एंबुलेंस सेवा, विद्यालयों में गो विज्ञान विषय को शामिल करने तथा गोचर भूमि संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सुझाव भी शामिल किए गए हैं।
संत सनातन महाराज ने कहा कि यह किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि देशभर के गौसेवकों, संत समाज और करोड़ों नागरिकों की आस्था एवं जनभावना का अभियान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे जनप्रतिनिधि इस जनभावना का सम्मान करते हुए गो संरक्षण के लिए आवश्यक निर्णय लेंगे।
इस अवसर पर संत समाज के सान्निध्य में अभियान के प्रमुख कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम मे रधूवीर रामद्वारा, रधूनाथभारती, महंत जनकचेतन्यपुरी महाराज, सुखरामदास, तुलसीदास सहित कुंदनमल बी जोशी, अरविंद माली, बजरंग प्रजापति, गजेंद्र वैष्णव, संजय शर्मा, सत्यनारायण मेवाड़ा, विजय व्यास, जीतू सुधार, सीताराम माली, सदाशिव सलुन्दिया, देवीलाल गोड़ एवं हनुमान गोड़ सहित बड़ी संख्या में गौभक्त, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


