उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का जनगणना व मकान सूचीकरण का मानदेय अटका, रोष

बस्ती से वेदान्त सिंह
भानपुर (बस्ती)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (जनपद-बस्ती) ने भानपुर तहसील क्षेत्र के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के बकाया मानदेय भुगतान को लेकर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को एक ज्ञापन सौंपा है।
संघ के सह-संयोजकों विजय प्रकाश चौधरी, इन्द्रसेन मिश्रा और राम भरत वर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षकों ने कठिन परिस्थितियों में पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्रीय महत्व के ‘जनगणना एवं मकान सूचीकरण कार्य’ को प्रगणक (Enumerator) और पर्यवेक्षक (Supervisor) के रूप में शत-प्रतिशत पूरा किया था।
शिक्षक नेताओं ने रोष जताते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा हुए एक लंबा समय बीत चुका है। विभागीय अधिकारियों द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद भी अभी तक सैकड़ों शिक्षकों को उनका न्यायसंगत मानदेय नहीं मिला है। मानदेय न मिलने से भानपुर तहसील के शिक्षक समाज में भारी निराशा और असंतोष व्याप्त है।
संगठन ने एसडीएम भानपुर से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पटल (विभाग) को जल्द से जल्द निर्देशित किया जाए, ताकि पीड़ित शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लंबित मानदेय की धनराशि का भुगतान तुरंत सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से प्रताप नारायण चौधरी, गुरु लाल, पप्पू सक्सेना, रमेश चंद्र चौधरी, प्रभाकर पटेल, सौरभ पद्माकर, संदेश रंजन, अब्दुल कयूम, मज़हर आलम, राजकांत, पंकज कुमार, अवधेश कुमार पाठक और श्रीराम सहित तमाम शिक्षक साथी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


