बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
इनर व्हील क्लब बालोतरा ने नए सत्र का किया शुभारंभ, गौशाला में गायों को खिलाया गुड़-हरा चारा और किया पौधरोपण

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। इनर व्हील क्लब बालोतरा ने नए सत्र की शुरुआत सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ की। गुरुवार को क्लब की ओर से कलावा स्थित गौशाला में जीव दया की भावना से मूक गायों को गुड़ एवं हरा चारा खिलाया गया। इस दौरान क्लब सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया।
क्लब अध्यक्षा बबली पटौदी ने बताया कि क्लब द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लगभग 7,500 रुपये का हरा चारा एवं गुड़ गौशाला की गायों को समर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि जीवों की सेवा भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है और क्लब समय-समय पर ऐसे सेवा कार्य करता रहता है।
क्लब सचिव चित्रा श्रीमाली ने बताया कि गौशाला परिसर में स्थित इनर व्हील वाटिका में पौधरोपण किया गया। उन्होंने कहा कि क्लब पिछले कई वर्षों से इस वाटिका में नियमित रूप से पौधे लगाकर उनके संरक्षण का कार्य कर रहा है। पेड़-पौधे हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर क्लब की ओर से सभी सदस्यों एवं आमजन से अपने-अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट रजनी शिवनानी, पवित्र डागा, नैना सालेचा, सरिता अग्रवाल, रंजना खरे सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य जीव दया, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

Subscribe to my channel


