जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़

भारी बारिश से उफान पर आया आरी सुरहोटी नाला, कई मकान और कृषि भूमि को नुकसान; प्रशासन व SDRF ने शुरू किया राहत एवं बचाव कार्य

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ

मेंढर, 10 जुलाई। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मेंढर उपमंडल के सीमावर्ती गांव आरी में स्थित आरी सुरहोटी नाला अचानक उफान पर आ गया। तेज बहाव के चलते बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों और कृषि भूमि में घुस गया, जिससे कई मकानों को नुकसान पहुंचा तथा बड़ी मात्रा में खेत और खड़ी फसलें जलमग्न हो गईं। इस आपदा से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल हरकत में आया। एसडीएम मेंढर इमरान रशीद, नायब तहसीलदार मेंढर, एसडीपीओ मेंढर तौसीफ अहमद, एसएचओ हरनी, आरी पुलिस पोस्ट प्रभारी, पुलिस टीम तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के जवान मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। SDRF और संबंधित विभागों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, आरी गांव में कई रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में कृषि भूमि और खड़ी फसलें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। राजस्व विभाग ने नुकसान का विस्तृत सर्वे शुरू कर दिया है, ताकि सरकारी नियमों के अनुसार प्रभावित परिवारों को मुआवजा और राहत प्रदान की जा सके।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इस बीच पीडीपी के वरिष्ठ नेता सरदार वसीम खान तथा व्यापार मंडल मेंढर के अध्यक्ष बरलाम शर्मा ने भी प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने सरकार, बाढ़ नियंत्रण विभाग और जिला प्रशासन से मांग की कि आरी सुरहोटी नाले के किनारे स्थायी सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) और प्रभावी बाढ़ सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button