बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
टापरा में तेरापंथ महिला मंडल का ‘श्री उत्सव’ आयोजित, महिला स्वावलंबन को मिला बढ़ावा

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
टापरा। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में तेरापंथ महिला मंडल, टापरा द्वारा नई विकसित समाज योजना के अंतर्गत गुरुवार को ‘श्री उत्सव – एक कदम स्वावलंबन की ओर’ का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके हुनर को मंच प्रदान करने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक नमस्कार महामंत्र के उच्चारण से हुआ। इसके बाद कन्यामंडल अध्यक्ष चांदनी वडेरा ने मुख्य अतिथियों का कुमकुम तिलक लगाकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रभा सिंघवी, सारिका बागरेचा तथा सरपंच गोपाल सिंह ने रिबन काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
महिला मंडल की सदस्यों ने मंगल गीतिका प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में तेरापंथ महिला मंडल के इस प्रयास की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया।
तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष अंजना देवी संखलेचा ने मंडल की विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी देते हुए उपस्थित अतिथियों, तेरापंथ सभा, तेरापंथ युवक परिषद, अणुव्रत समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में कुल 11 स्टॉल लगाए गए, जिनमें ड्रेसेस, ज्वेलरी, साड़ियां, हैंड पर्स, बेकरी उत्पाद, जूस, फास्ट फूड, खाद्य सामग्री, बेडशीट सहित अनेक घरेलू एवं उपयोगी वस्तुओं की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। महिला मंडल द्वारा समाज की महिलाओं के लिए विशेष फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रही।
आयोजन में पहुंचे अतिथियों एवं स्टॉल संचालकों ने कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्था, सफल संचालन तथा महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए तेरापंथ महिला मंडल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजकों ने इसे महिलाओं के स्वावलंबन की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल बताया।

Subscribe to my channel


