देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

श्रीमन् सुंदरलाल प्रभुजी के सान्निध्य में इस्कॉन बलोतरा की भव्य रथयात्रा के पोस्टर का हुआ विमोचन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बलोतरा। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) बलोतरा द्वारा आगामी 18 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा के उपलक्ष्य में पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। यह शुभ अवसर इस्कॉन जोधपुर के अध्यक्ष श्रद्धेय श्रीमान सुंदरलाल प्रभुजी के पावन सान्निध्य में इस्कॉन बलोतरा केंद्र पर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्री राधा-कृष्ण एवं श्री जगन्नाथ, बलदेव, सुभद्रा महारानी के समक्ष मंगलाचरण एवं हरिनाम संकीर्तन के साथ हुआ। इसके पश्चात सुंदरलाल प्रभुजी ने रथयात्रा के पोस्टर का विमोचन करते हुए सभी नगरवासियों से इस दिव्य महोत्सव में परिवार सहित सहभागिता करने का आग्रह किया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में सुंदरलाल प्रभुजी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान की असीम करुणा का उत्सव है। रथयात्रा के माध्यम से स्वयं भगवान अपने भक्तों एवं समस्त जनमानस को दर्शन देने नगर भ्रमण के लिए निकलते हैं। उन्होंने कहा कि रथ की रस्सी खींचना, हरिनाम संकीर्तन करना तथा भगवान के दर्शन करना अत्यंत शुभ एवं आध्यात्मिक उन्नति प्रदान करने वाला है।

इस्कॉन बलोतरा के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि 18 जुलाई को निकलने वाली यह भव्य रथयात्रा बलोतरा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकलेगी। रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी का अलौकिक रथ, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, नृत्य एवं भक्तों की विशाल सहभागिता इस आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करेगी। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन एवं महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।

उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों के साथ इस ऐतिहासिक रथयात्रा में सम्मिलित होकर भगवान श्री जगन्नाथ की असीम कृपा प्राप्त करें तथा नगर में आध्यात्मिक वातावरण के निर्माण में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर उपस्थित भक्तों ने रथयात्रा की तैयारियों की जानकारी भी साझा की तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि इस्कॉन बलोतरा केंद्र का पता 4 नं. स्कूल के सामने, माली समाज भवन के पास, गांधीपुरा, बलोतरा है। श्रद्धालु रथयात्रा अथवा इस्कॉन की नियमित आध्यात्मिक गतिविधियों की अधिक जानकारी के लिए केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।

यह रथयात्रा भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य संदेश—प्रेम, भक्ति, सद्भाव एवं विश्व कल्याण—को जन-जन तक पहुँचाने का एक पावन प्रयास है। इस्कॉन बलोतरा ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button