उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

बस्ती में दर्दनाक सड़क हादसा: परीक्षा ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल राजेंद्र यादव की मौत, पुलिस विभाग में शोक

संवाददाता अवधेश यादव, बस्ती

बस्ती, 3 जुलाई। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंडेरवा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राजेंद्र यादव की मौत हो गई। वह यूपीटीईटी-2026 परीक्षा ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के करही गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज गति से आ रही एक कार ने हेड कांस्टेबल राजेंद्र यादव को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

हेड कांस्टेबल राजेंद्र यादव के आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

BASTI TIMES 24 NEWS मृतक हेड कांस्टेबल को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button