रूद्रपुर में पंजाबी समाज के लिए भी बनेगा पंजाबी भवन,पंजाबी महासभा की मांग पर महापौर की बड़ी घोषणा,विभाजन विभीषिका स्मृति स्मारक बनाने की भी योजना
A Punjabi Bhawan will also be built for the Punjabi community in Rudrapur. The Mayor has made a major announcement in response to the demand of the Punjabi Mahasabha. A memorial to commemorate the horrors of Partition is also planned.

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल
रुद्रपुर। शहर में सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए महापौर विकास शर्मा ने पंजाबी समाज के लिए भी भव्य ‘पंजाबी भवन’ बनाए जाने की घोषणा की है। नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंजाबी महासभा की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत एवं सम्मान करते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम सर्व समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए सभी समुदायों की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में अब शहर में पंजाबी समाज के लिए भी एक आधुनिक सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के नेतृत्व में गठित पंजाबी महासभा की नई कार्यकारिणी के प्रदेश महामंत्री राजकुमार फुटेला, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश डाबर, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, जिलाध्यक्ष पंकज बांगा सहित अन्य पदाधिकारियों का महापौर ने स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन के विस्तार से पंजाबी समाज और अधिक संगठित होगा तथा अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर पंजाबी महासभा के पदाधिकारियों ने महापौर के समक्ष शहर में पंजाबी समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक स्थायी ‘पंजाबी भवन’ के निर्माण की मांग रखी। मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम पहले ही बंग भवन और पूर्वांचल भवन की अवधारणा पर कार्य कर रहा है तथा इसी तर्ज पर अब पंजाबी समाज के लिए भी एक भव्य पंजाबी भवन का निर्माण कराया जाएगा। महापौर ने कहा कि तराई के विकास की कहानी पंजाबी समाज के योगदान के बिना अधूरी है। व्यापार, उद्योग, रोजगार सृजन और सामाजिक विकास में पंजाबी समाज ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। देश विभाजन की त्रासदी झेलने के बावजूद इस समाज ने अपने परिश्रम, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति के बल पर नई पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि इस समाज ने अपना घर, जमीन -जायदाद और सब कुछ छोड़ दिया, लेकिन अपनी संस्कृति, परंपराओं और देशभक्ति की भावना को कभी नहीं छोड़ा।

उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान पंजाबी समाज ने जो पीड़ा और बलिदान झेला, वह देश के इतिहास का अत्यंत मार्मिक अध्याय है। आने वाली पीढ़ियों को उस इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से नगर निगम विभाजन विभीषिका के बलिदानियों की स्मृति में एक स्मारक स्थल विकसित करने की भी योजना बना रहा है, जहां विभाजन के दौरान बलिदान देने वाले लोगों के नाम अंकित किए जाएंगे, ताकि उनकी स्मृतियां सदैव जीवित रहें।
महापौर ने कहा कि पंजाबी समाज लंबे समय से अपने सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस कर रहा था। अब इस आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही उपयुक्त भूमि का चयन किया जाएगा, जिसके बाद आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक भव्य कम्युनिटी सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक तथा पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा और समाज के लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर कौमी एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक शहर है। यहां विभिन्न धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों के लोग वर्षों से आपसी भाईचारे के साथ रह रहे हैं। नगर निगम की प्राथमिकता सभी समाजों को समान सम्मान देना और उनकी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी समुदायों को मोतियों की माला की तरह एक सूत्र में पिरोकर शहर को विकास, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। कार्यक्रम के दौरान पंजाबी महासभा के पदाधिकारियों ने महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाबी भवन की घोषणा से समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। उन्होंने कहा कि महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम केवल आधारभूत विकास ही नहीं कर रहा, बल्कि विभिन्न समाजों की सांस्कृतिक पहचान को भी सम्मान देने का कार्य कर रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि उनके कार्यकाल में रुद्रपुर में विकास की नई गति दिखाई दे रही है और शहर में हो रहे परिवर्तन भविष्य के आधुनिक एवं समृद्ध रुद्रपुर की मजबूत नींव साबित होंगे।
Subscribe to my channel


