उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती में यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 की तैयारियां पूरी, 20 केंद्रों पर तीन दिन होगी परीक्षा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 30 जून। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि जनपद में कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को किया जाएगा। प्रत्येक दिन 7,608 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण कर पेयजल, बिजली, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का सत्यापन कर लिया जाए। यदि कहीं कोई कमी मिले तो उसे तत्काल दूर कराया जाए। साथ ही शासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा नियमित गश्त भी की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने दी जाए और नकल या किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
बैठक में प्रश्नपत्रों एवं गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, समयबद्ध वितरण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए बस्ती में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार, मनोज प्रकाश, सत्येन्द्र सिंह, उमाकान्त तिवारी, शत्रुध्न पाठक, रश्मि यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


