देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
हैप्पीनेस वर्कशॉप का आयोजन: ‘जीवन में हो खुशियां ही खुशियां’ का दिया संदेश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
साध्वी श्री अणिमाश्रीजी के पावन सान्निध्य में तेरापंथी सभा अहमदाबाद उत्तर के तत्वावधान में तेरापंथ भवन में ‘हैप्पीनेस वर्कशॉप’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर “जीवन में हो खुशियां ही खुशियां” विषय पर प्रेरणादायक प्रस्तुति दी गई।
साध्वी श्री अणिमाश्रीजी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मनुष्य का जीवन सीमित अवधि का है। जिस प्रकार छिद्रयुक्त घड़े में भरा पानी धीरे-धीरे समाप्त हो जाता है, उसी प्रकार मनुष्य का जीवन भी समय के साथ समाप्त होता जाता है। इसलिए जीवन के प्रत्येक क्षण को आनंद, उत्साह और सकारात्मकता के साथ जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि वाणी में मधुरता, चिंतन में सकारात्मकता तथा हृदय में करुणा, मैत्री और प्रेम की भावना जीवन को सुखमय बनाती है। विनम्रता और वात्सल्य परिवार में खुशियों का कल्पवृक्ष स्थापित कर सकते हैं।
साध्वी श्री कर्णिकाश्रीजी ने कहा कि सच्ची खुशी बाहर नहीं, बल्कि हमारे भीतर ही मौजूद है। ध्यान और साधना के माध्यम से आत्मिक आनंद का अनुभव किया जा सकता है।
डॉ. साध्वी सुधाप्रभाजी ने कहा कि जो व्यक्ति दूसरों की निंदा और ईर्ष्या में जीवन बिताता है, वह कभी सुखी नहीं रह सकता। मानसिक शांति और सकारात्मक सोच ही वास्तविक सुख का आधार है।
कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी समत्वयशाजी ने तीर्थंकर स्तुति के साथ किया। साध्वी मैत्रीप्रभाजी ने मंच संचालन करते हुए कहा कि यदि हर कार्य प्रसन्नता के साथ किया जाए तो खुशियां स्वयं जीवन में आने लगती हैं। सभा अध्यक्ष महावीरजी ढेलडिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में सभा पदाधिकारियों ने सभा गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का मंगल समापन किया।
मीडिया प्रभारी: वीर विनोद संकलेचा

Subscribe to my channel


