बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमरपुरा जसोल में डिजिटल बोर्ड व शेड निर्माण की आवश्यकता

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जसोल। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमरपुरा जसोल में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड की आवश्यकता महसूस की जा रही है। डिजिटल शिक्षा के इस दौर में स्मार्ट क्लास एवं आधुनिक तकनीकी संसाधन विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।
विद्यालय प्रशासन एवं ग्रामीणों का मानना है कि डिजिटल बोर्ड की स्थापना से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धति का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में उल्लेखनीय सुधार संभव होगा। इसके साथ ही विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर विद्यार्थियों को तेज धूप एवं प्रतिकूल मौसम से बचाने के लिए शेड निर्माण की भी सख्त आवश्यकता है।
वर्तमान में प्रार्थना सभा एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों को खुले मैदान में खड़ा होना पड़ता है, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। शेड निर्माण होने से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी तथा विद्यालय की व्यवस्थाएं और बेहतर होंगी।
विद्यालय परिवार ने क्षेत्र के भामाशाहों, समाजसेवियों एवं दानदाताओं से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की अपील की है। विद्यालय हित में योगदान देकर कोई भी भामाशाह शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाते हुए पुण्य लाभ प्राप्त कर सकता है।
विद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि समाज के सहयोग से डिजिटल बोर्ड एवं शेड निर्माण जैसी आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध होंगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

Subscribe to my channel


