जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
पुंछ में 28 जून को चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, DCMO डॉ. रूबी नाज़ भट्टी ने की अभिभावकों से अपील

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
मेंढर/पुंछ, 24 जून। पुंछ जिले में 28 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (DCMO) डॉ. रूबी नाज़ भट्टी ने अभिभावकों एवं संरक्षकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. भट्टी ने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने और भारत की पोलियो-मुक्त स्थिति को बनाए रखने के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिले भर में निर्धारित स्थानों पर पल्स पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
DCMO ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को नजदीकी पल्स पोलियो बूथ पर लेकर आएं और उन्हें पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, चाहे बच्चे को पहले भी पोलियो की खुराक मिल चुकी हो।
उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता जनसहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। इसलिए अभिभावकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समुदाय के सभी जिम्मेदार लोगों को इस जनहितकारी अभियान में सहयोग करना चाहिए।
डॉ. रूबी नाज़ भट्टी ने कहा, “पोलियो वैक्सीन की केवल दो बूंदें बच्चे को जीवनभर सुरक्षा प्रदान कर सकती हैं। आइए, हम सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि 0 से 5 वर्ष का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।”
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे टीकाकरण टीमों का सहयोग करें और राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

Subscribe to my channel


