उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़मौसम
बाढ़-2026 की तैयारियों का जायजा लेने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण पहुंचा गोरखा रिक्रूटिंग डिपो का दल

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 24 जून 2026। संभावित बाढ़-2026 को लेकर जनपद में की जा रही तैयारियों और आपदा प्रबंधन व्यवस्था का आकलन करने के उद्देश्य से गोरखा रिक्रूटिंग डिपो (जीआरडी) के अधिकारियों ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों और राहत-बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने प्रतिनिधिमंडल को जनपद के बाढ़ संवेदनशील क्षेत्रों, संभावित जोखिम वाले स्थानों, राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने आपदा जोखिम न्यूनीकरण (डीआरआर) कार्यक्रमों, चेतावनी तंत्र और सामुदायिक सहभागिता आधारित तैयारियों की भी जानकारी दी।
इसके बाद गोरखा रिक्रूटिंग डिपो के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रतिपाल सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने जनपद में लागू इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) की कार्यप्रणाली, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों, समन्वय तंत्र और आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
बैठक में प्रशासन और सुरक्षा बलों के बीच आपदा प्रबंधन संबंधी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।
प्रशासन का मानना है कि समय रहते की गई तैयारियां और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सकता है।

Subscribe to my channel


