उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
विधि छात्रों के लिए विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती शमसुल हक के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत विधि छात्र-छात्राओं के लिए विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कर्मादेवी शिक्षण संस्थान समूह के अंतर्गत संचालित डी.एम.एस.एस.पी. लॉ कॉलेज में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने विधि छात्रों के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 2 जून 2026 से न्यायालय परिसर सभागार में छात्रों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके अंतर्गत छात्रों को न्यायालय, कारागार, बाल सम्प्रेक्षण गृह, वृद्धाश्रम तथा बाल कल्याण समिति का भ्रमण भी कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि विधि के क्षेत्र में सफलता के लिए केवल कानूनी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक अनुभव, संवाद कौशल और आत्मविश्वास भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे कानून की जानकारी को समाज के आम लोगों तक पहुंचाएं ताकि नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सकें।
इस अवसर पर कर्मादेवी शिक्षण समूह की सीईओ अंशु सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर को समाज और छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
शिविर में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शैलजा कुमार पाण्डेय, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल निति कुमार श्रीवास्तव एवं दीप्ति पाण्डेय, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एडवोकेट सुशांत द्विवेदी तथा विभागाध्यक्ष डॉ रफी अहमद ने भी छात्रों को संबोधित किया और विधिक शिक्षा एवं जागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान बड़ी संख्या में विधि छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।

Subscribe to my channel


