खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
ग्रामीण सेवा शिविर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे अतिरिक्त जिला कलेक्टर

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 12 जून। ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रभावशीलता का आकलन करने हेतु अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने उपखंड कोटकासिम के ग्राम नांगल सालिया में आयोजित शिविर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर सेवा वितरण की व्यवस्था, प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि अधिकाधिक प्रकरणों का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए शिविरों में आने वाले नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया एवं लाभों की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से जुड़ सकें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने, शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा सेवा वितरण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Subscribe to my channel


