उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
गणतंत्र दिवस 2027 के पद्म पुरस्कारों हेतु नामांकन प्रक्रिया तेज, तीन दिन में प्रस्ताव भेजने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 10 जून 2026 (सू.वि.)। गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री—के लिए पात्र व्यक्तियों के नामांकन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जिला विकास अधिकारी ने बताया कि कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, व्यापार एवं उद्योग, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, सिविल सेवा, खेलकूद तथा अन्य क्षेत्रों में विशिष्ट एवं उत्कृष्ट योगदान देने वाले महानुभावों के नाम पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराते हुए संस्तुतियों सहित भेजे जाएं।
उन्होंने कहा कि नामांकन प्रस्ताव भेजने से पूर्व भारत सरकार द्वारा 8 मई को जारी दिशा-निर्देशों में उल्लिखित सभी बिंदुओं का विशेष ध्यान रखा जाए। हालांकि, अपेक्षित सूचनाएं अभी तक प्राप्त नहीं हुई हैं, जिसके चलते अधिकारियों को पुनः निर्देशित किया गया है।
जिला विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि पात्र व्यक्तियों के नाम ऑनलाइन प्रस्तावित कर उनकी संस्तुतियां निर्धारित प्रारूप में दो प्रतियों सहित तीन दिवस के भीतर जिला विकास कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि समयबद्ध रूप से प्रस्ताव शासन को प्रेषित किए जा सकें।
पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किए जाते हैं।
Subscribe to my channel


