खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य

जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कार्मिकों पर कार्रवाई के निर्देश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

खैरथल-तिजारा, 6 जून। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार शनिवार को जिले के विभिन्न उपखंड अधिकारियों द्वारा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता एवं कार्मिकों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। जिला कलेक्टर ने अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

किशनगढ़बास में उपखंड अधिकारी सत्यवीर सिंह एवं तहसीलदार अभिषेक यादव द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक चिकित्सक डॉ. सुरेश पाटोदिया अनुपस्थित पाए गए, जिनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई तथा भवन की दीवारों में सीलन, उखड़ा हुआ प्लास्टर एवं टूटी हुई टाइलें मिलीं। उन्होंने आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा भवन की मरम्मत संबंधी निर्देश दिए। साथ ही आरएल ड्रिप से मरीजों की तबीयत बिगड़ने संबंधी समाचार के संदर्भ में जानकारी प्राप्त कर संबंधित संदिग्ध बैच के उपयोग पर रोक लगाए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मरीजों से संवाद कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का भी फीडबैक लिया गया।

मुंडावर में उपखंड अधिकारी द्वारा सीएचसी का निरीक्षण कर उपस्थिति रजिस्टर, ओपीडी, लेबर रूम, आपातकालीन कक्ष, एक्स-रे कक्ष, भवन की स्थिति, दवाइयां की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण व्यवस्था का अवलोकन किया गया। चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

टपूकड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी कृष्ण यादव ने भवन की स्थिति संतोषजनक पाई। अस्पताल परिसर एवं लेबर रूम में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर उन्होंने साफ सफाई के निर्देश। महिला वार्ड एवं सामान्य वार्ड में बेडशीट नहीं मिलने पर संबंधित चिकित्सक को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन द्वार के सामने पार्किंग व्यवस्था में सुधार के भी निर्देश जारी किए गए।

तिजारा उपखंड अधिकारी संजीव कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिंगवाहेड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित मिले, हालांकि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पाई गई, जिस पर संबंधित चिकित्सक को आवश्यक निर्देश दिए गए।

वहीं कोटकासिम में उपखंड अधिकारी रेखा यादव द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीन चिकित्सक एवं दो नर्सिंगकर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने कहा कि आमजन समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा चिकित्सा संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्य केंद्रों को साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, उपकरणों के रखरखाव एवं मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button