खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
एनसीओआरडी की जिला स्तरीय बैठक में जिला कलेक्टर ने दिए निर्देश, स्कूलों में शिकायत बॉक्स व जागरूकता गतिविधियों पर जोर

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 3 जून। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जिला सचिवालय में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, अफीम एवं गांजे की अवैध खेती, अवैध दवाइयों के दुरुपयोग तथा नशा मुक्ति अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियों को भी गति दी जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को लक्ष्मण रेखा अभियान के तहत पांच विद्यालयों का चयन कर धूम्रपान शिकायत बॉक्स स्थापित करवाने तथा 1 जुलाई से पूर्व सभी विद्यालयों के प्रवेश द्वार पर धूम्रपान निषेध बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों में नियमित नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
बैठक में चिकित्सा एवं औषधि विभाग को मेडिकल स्टोर्स पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवाने तथा पर्चे से मिलने वाली दवाइयों की बिक्री की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को आईईसी गतिविधियों, क्रिएटिव वीडियो, पोस्टर एवं जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
जिला कलेक्टर ने कहा कि कृषि एवं वन विभाग के क्षेत्राधिकार में अफीम या अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती पाए जाने पर संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कोटपा अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई एवं चालान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में बताया कि 1 जनवरी से अब तक 15.74 किलो गांजा भिवाड़ी पुलिस द्वारा 34 प्रकरणों में 35 मुलजिम गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई। भिवाड़ी पुलिस ने कार्यवाही कर 1.7 ग्राम स्मेक, 47.85 ग्राम चिट्टा तथा 73 वनरेक्स कफ सिरप 100 एमएल कोडिंन फास्फेट, 222 कैप्सूल डाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड थर्माडोल हाइड्रोक्लोराइड एंड एएमपी तथा इसमें पीने के उपकरण जप्त किए। तथा आबकारी अधिनियम में इस वर्ष अब तक 102 प्रकरणों में 94 मुलजिमों को गिरफ्तार कर 400 लीटर हथकड शराब, 290 देसी शराब, 9.3 लीटर अंग्रेजी शराब जप्त की। इसके साथ ही कोटपा के तहत 117 व्यक्तियों पर 23400 का जुर्माना लगाया। इसी प्रकार खैरथल पुलिस द्वारा 27 प्रकरणों में 38 लोगों को गिरफ्तार कर 5050 अफीम के पौधे वजन लगभग 393 किलोग्राम, 37.5 ग्राम स्मैक, 34 वनरेक्स कफ सिरप 100 एमएल कोडिंन फास्फेट जप्त कि। खैरथल पुलिस द्वारा आबकारी अधिनियम में 94 प्रकरणों में 86 मुलजिमों को गिरफ्तार कर 318 लीटर हथकड़ एवं देसी शराब जप्त की। इसी प्रकार आबकारी विभाग द्वारा 30 प्रकरणों में 19 मुलजिमों को गिरफ्तार कर 64.56 लीटर देसी शराब जप्त कि तथा 99200 लीटर वाश नष्ट करवाई।
जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना टोल फ्री नंबर 1933 पर दें, ताकि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, उपनिदेशक समाज कल्याण विभाग रमेश दहमीवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. पूरणमल मीणा , जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार मेघ, एसीएफ संजय चौधरी सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


