उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर ऐप्जा के बैनर तले आयोजित हुई विचार गोष्ठी एवं सम्मान कार्यक्रम

 

रिपोर्ट डॉ संजय पांडेय स्टेट हेड उत्तर प्रदेश

मोबाइल नंबर 7376 3261 75

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर ऐप्जा के बैनर तले आयोजित हुई विचार गोष्ठी एवं सम्मान कार्यक्रम

मोहम्मदी, खीरी। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आल इंडियन प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेशभर की तहसीलों में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत मोहम्मदी तहसील में भी हिंदी पत्रकारिता दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन दीनदयाल पुरम में किया गया, जिसमें पत्रकारों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता कर हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने की, जबकि मंडल कोऑर्डिनेटर अजय शुक्ला की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार बी. पी. सिंह रहे। मंच पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत संगठन पदाधिकारियों द्वारा किया गया तथा हिंदी पत्रकारिता के जनक पंडित जुगल किशोर शुक्ल के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्रकार अब्बास नकवी ने अपनी प्रभावशाली शायरी के माध्यम से हिंदी भाषा और पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा— “दर्पण ही नहीं देश की तस्वीर है हिंदी, आजादी की उस जंग की तस्वीर है हिंदी।” उन्होंने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, सभ्यता और स्वतंत्रता आंदोलन की वाहक रही है। हिंदी पत्रकारिता ने आजादी की लड़ाई में जनजागरण का कार्य किया और आज भी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को दिशा देने का कार्य कर रही है

वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में संगठनात्मक एकता पर बल देते हुए कहा कि पत्रकारों को आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। संगठन तभी मजबूत होगा जब सभी सदस्य एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।

जिला अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि आल इंडियन प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन लगातार पत्रकार हितों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रियता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए संगठन निरंतर संघर्षरत है तथा भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेंगे।

सामाजिक कार्यकर्ता गौरव गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके उद्देश्य की स्पष्टता और सदस्यों की निष्ठा पर निर्भर करती है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से संगठन की विचारधारा और उद्देश्यों को समझते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता बी. पी. सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सच्चा पत्रकार वही है जो निष्पक्षता, ईमानदारी और साहस के साथ जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाए। उन्होंने युवा पत्रकारों से वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों से सीख लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पत्रकारिता में वरिष्ठों का सम्मान और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि देश का पहला हिंदी समाचार पत्र “उदन्त मार्तण्ड” 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा कलकत्ता से प्रकाशित किया गया था। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में प्रतिवर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन के महामंत्री गोपाल तिवारी ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक रामनिवास दीक्षित, आशाराम सैनी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह सोमवंशी, तहसील अध्यक्ष अतुल मिश्रा, महामंत्री गोपाल तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, संगठन मंत्री रवि त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष सत्यम शुक्ला, मीडिया प्रभारी रिजवान सिद्दीकी, सचिव शोषित कुमार, सदस्य बृजकिशोर गौतम, आशा कुमार कोली, विवेक कुमार, तृतीय उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह सोमवंशी, सचिव राजपाल गौतम, सचिव मन्नान, सदस्य अजय सिंह, सदस्य रामजी, प्रथम उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में हिंदी पत्रकारिता के जनक पंडित जुगल किशोर शुक्ल को स्मरण करते हुए हिंदी भाषा, पत्रकारिता की निष्पक्षता तथा जनहित के मूल्यों को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button