उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़मौसम
आंधी-तूफान और वज्रपात से बचाव के लिए प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, “दामिनी” और “सचेत” ऐप उपयोग करने की अपील

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 29 मई 2026 (सू.वि.)।
आंधी-तूफान एवं आकाशीय वज्रपात जैसी प्राकृतिक आपदाओं को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी (वि/रा.) प्रतिपाल सिंह चौहान ने बताया कि तेज हवाएं, बिजली गिरना और खराब मौसम अचानक जनजीवन, पशुधन एवं कृषि पर गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं। इससे जनहानि, पशुहानि, मकानों, विद्युत संरचनाओं और फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका रहती है।
उन्होंने कहा कि खुले स्थानों, खेतों, जलाशयों और ऊंचे ढांचों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। समय रहते सुरक्षा उपाय अपनाकर इन आपदाओं से होने वाली क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
आंधी-तूफान के दौरान बरतें ये सावधानियां
प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि लोग टिन की छत, होर्डिंग, क्षतिग्रस्त मकान, पेड़, बिजली के खंभे और मोबाइल टावर से दूर रहें। घरों के बाहर या छत पर रखी भारी वस्तुओं को सुरक्षित तरीके से बांध दें ताकि तेज हवाओं में वे उड़कर नुकसान न पहुंचाएं।
यदि कोई व्यक्ति यात्रा के दौरान खराब मौसम में फंस जाए तो तुरंत किसी सुरक्षित स्थान पर रुक जाए। धारदार एवं नुकीली वस्तुओं को खुले में न रखें और धातु से बनी वस्तुओं का उपयोग करने से बचें। प्रशासन ने लोगों को पेड़ों की शरण में खड़े न होने की भी सलाह दी है।
वज्रपात के समय क्या करें
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि आकाशीय बिजली चमकने या वज्रपात की स्थिति में तुरंत किसी पक्के और सुरक्षित भवन में चले जाएं। खिड़की, दरवाजे और बरामदे से दूर रहें। पेड़, मोबाइल टावर, बिजली के खंभे, कच्चे मकान, तालाब और जलाशयों से दूरी बनाए रखें।
खराब मौसम में बच्चों को बाहर खेलने न दें तथा लोहे की खिड़की, दरवाजे और हैंडपंप को न छुएं। यदि कोई व्यक्ति खुले खेत में फंस जाए तो दोनों कान बंद कर पैरों को सटाकर घुटनों के बल उकड़ू बैठ जाए।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि वज्रपात के दौरान पेड़ के नीचे खड़े न हों और दीवार के सहारे टिककर न रहें। धातु युक्त नल, फ्रिज और अन्य विद्युत उपकरणों को न छुएं। धातु से बने छाते का प्रयोग करने से बचें और घरों में चलने वाले भारी विद्युत उपकरणों को प्लग से अलग कर दें।
इसके अलावा खुले वाहनों में यात्रा न करें, जमीन पर न लेटें तथा तैराकी या नौकायन से भी बचें।
“दामिनी” और “सचेत” ऐप डाउनलोड करने की अपील
प्रशासन ने लोगों से मौसम और वज्रपात की सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए Damini और Sachet ऐप का उपयोग करने की अपील की है। इन ऐप्स के माध्यम से समय रहते मौसम संबंधी चेतावनी और अलर्ट प्राप्त किए जा सकते हैं, जिससे आपदा से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।
Subscribe to my channel


