खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

धरती माता का कर्ज चुकाने निकले डॉ. ग्यासी राम गुप्ता, 18 राज्यों में हो चुके सम्मानित

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल/भिवाड़ी। समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे खैरथल निवासी समाजसेवी डॉ. ग्यासी राम गुप्ता आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। पिछले लगभग 40 वर्षों से भिवाड़ी में निवास कर रहे डॉ. गुप्ता पहले हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े हुए थे, लेकिन वर्ष 2009 में उनके जीवन में ऐसा मोड़ आया जिसने उनकी पूरी दिशा ही बदल दी। डॉ. गुप्ता ने बताया कि एक दिन उनके मन में विचार आया कि केवल पैसा कमाना ही जीवन का उद्देश्य नहीं है। पेड़-पौधों, धरती माता और पर्यावरण का भी मनुष्य पर कर्ज होता है, जिसे चुकाना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। इसी सोच के साथ उन्होंने दीपावली से दो दिन पहले अपना व्यापार बंद कर पूर्ण रूप से समाज सेवा का मार्ग अपना लिया। तब से लेकर आज तक वह निरंतर गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण के कार्यों में जुटे हुए हैं। उनके सेवा कार्यों को देखते हुए देश के 18 राज्यों में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। इतना ही नहीं, उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पद्मश्री सम्मान हेतु भी नामांकन किया गया है। डॉ. ग्यासी राम गुप्ता ने कहा कि गौ माता हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक हैं, लेकिन आज कुछ लोग उन्हें बेसहारा छोड़ देते हैं, जो अत्यंत दुखद है। उन्होंने गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और गौसेवा के लिए समाज से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्थानीय विधायक और सांसद उनके कार्यों को लेकर आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएं, तो समाज सेवा के इन कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। गायत्री परिवार से जुड़े होने के कारण डॉ. गुप्ता का विशेष ध्यान पर्यावरण संरक्षण की ओर है। वे लगातार पेड़-पौधे लगाने का कार्य कर रहे हैं। बाबा मोहन राम मंदिर मिलकपुर की तलहटी में भी उनके द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही वे यज्ञशालाओं में जाकर लोगों को यज्ञ करने और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का संदेश दे रहे हैं। समाज सेवा के प्रति उनका समर्पण क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button