बालोतरा, 1 अप्रैल। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा सम्मान किया गया। यह सम्मान समारोह अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।
कला वर्ग में कक्षा 12वीं की छात्रा रविना कुमारी पुत्री झुंझाराम (रा.उ.मा.वि. कमठाई) ने राजस्थान की वरीयता सूची में स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। उन्होंने जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नरेश कुमार पुत्र पूनमाराम (रा.उ.मा.वि. दूदवा) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान वर्ग में खुशी अग्रवाल पुत्री चन्द्र प्रकाश जिंदल (मदर टेरेसा स्कूल, बालोतरा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पूर्णा राजपुरोहित पुत्री केसालाल (भगवती बाल निकेतन, बालोतरा) द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं वाणिज्य वर्ग में नकुल राठी पुत्र सुनील राठी (श्री वर्धमान स्कूल, बालोतरा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं पार्थ अग्रवाल पुत्र सुनील कुमार गुप्ता (श्री वर्धमान स्कूल, बालोतरा) ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने सभी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि इन मेधावी विद्यार्थियों ने बालोतरा जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान जब उनके भविष्य के लक्ष्य पूछे गए तो खुशी अग्रवाल ने बताया कि वह भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में कार्य करना चाहती हैं, जबकि पूर्णा राजपुरोहित ने मेडिकल साइंस के क्षेत्र में आगे बढ़कर जिले और राज्य का नाम रोशन करने की इच्छा जताई। इस दौरान पहली बार कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे विद्यार्थी प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत करते हुए उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत को भी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन कार्य में राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी गई। चौहान ने कहा कि बालोतरा जिला भले ही नया है, लेकिन यहां के शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों की कार्यकुशलता इसे तेजी से अग्रणी बना रही है।
देवाराम प्रजापत ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आगामी वर्षों में और बेहतर परिणाम लाने के प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर अभिभावक, संस्था प्रधान सहित विमला चौधरी (मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, गिड़ा), अशोक कुमार शर्मा (अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी), विक्रम सिंह (वरिष्ठ सहायक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय), गोपाल सिंह राजपुरोहित (व्याख्याता, राउमावि कमठाई) सहित अनेक शिक्षाविद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार शर्मा एवं गोपाल सिंह राजपुरोहित ने किया।