खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
उप श्रम आयुक्त ने भिवाड़ी में औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 2 अप्रैल। पश्चिम एशिया में वर्तमान परिस्थितियों के चलते गैस सप्लाई बाधित होने से भिवाड़ी एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में उत्पादन में कमी और श्रमिकों के पलायन की सूचना पर उप श्रम आयुक्त खैरथल-तिजारा प्रज्ञा शर्मा ने भिवाड़ी में औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की।
बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने गैस आपूर्ति में कमी के कारण उत्पादन प्रभावित होने, लागत बढ़ने और श्रमिकों के पलायन जैसी समस्याओं को विस्तार से रखा। साथ ही वर्तमान संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
उप श्रम आयुक्त प्रज्ञा शर्मा ने सभी संगठनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उद्योगों को सुचारू रूप से संचालित रखना प्राथमिकता है, जिससे श्रमिकों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
बैठक के पश्चात श्रम विभाग की टीम ने भिवाड़ी स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण भी किया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने उत्पादन, श्रमिक उपस्थिति और संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए वास्तविक स्थिति को समझा।
बैठक में भिवाड़ी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, भिवाड़ी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती तथा खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों सहित श्रम निरीक्षक कविन्द्र चौधरी एवं गोविन्द प्रतिहार मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


