अलवरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
अवैध गैस सिलेंडर सप्लाई पर छापा, 46 सिलेंडर जब्त; फेज थर्ड थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। भिवाड़ी में अवैध गैस सिलेंडर सप्लाई के खिलाफ फेज थर्ड थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कुल 46 सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 21 भरे हुए और 25 खाली सिलेंडर शामिल हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की सप्लाई और कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर पुलिस टीम ने सटीक सूचना के बाद मौके पर दबिश दी और अवैध भंडारण का खुलासा किया। जब्त किए गए सिलेंडरों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कर अवैध तरीके से सप्लाई कर रहे थे। इससे एक ओर जहां सरकारी नियमों की अवहेलना हो रही थी, वहीं आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के चलते आमजन को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही थी और उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। वहीं कुछ लोग आपदा की स्थिति में भी मुनाफा खोरी कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस तरह की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Subscribe to my channel


