बालोतरा, 15 मार्च। प्रसिद्ध तिलवाड़ा मेले में सोमवार 16 मार्च 2026 को शाम 7 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में दीपोत्सव और गुलाल की रंगोली विशेष आकर्षण रहेंगे। मेले में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में लोक कलाकार विभिन्न लोकगीतों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां देंगे, जिससे मेले का माहौल पूरी तरह सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहेगा।
उपखंड अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत “स्वागत है आज सुहाना” से होगी। इसके बाद कलाकारों द्वारा धार्मिक गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिनमें राजस्थानी लोकगीत और पारंपरिक नृत्य प्रमुख रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजस्थानी नृत्य और लोकगीतों के साथ-साथ हरियाणवी गीत, पंजाबी गीत तथा भोजपुरी गीतों की भी प्रस्तुति दी जाएगी। कलाकारों द्वारा “सोणिये तेरे नाल”, “नजरिया मोसे मिलाइयो मेरे राजा” जैसे लोकप्रिय गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया जाएगा। इसके अलावा सिंधी नृत्य, पंजाबी सांग और अन्य लोक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा कांगूड़ो, होलियों में उड़े गुलाल, छाप तिलक सब छीनी रे, म्हारो भीखड़ा मेहमान, केसरीया बालम, होली, चिरमी, ढोल वादन और अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
उन्होने बताया कि इस कार्यक्रम में समंदर खां एंड पार्टी, बडनावा जागीर तथा पुष्कर प्रदीप एंड पार्टी के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। तिलवाड़ा मेले में आयोजित इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राजस्थान सहित देश की विविध लोक संस्कृतियों की झलक देखने को मिलेगी और मेले का वातावरण उत्साह, रंग और उमंग से भर उठेगा।