खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता” के दावों के बीच भिवाड़ी में सुबह 4 बजे से लगी लंबी लाइनें, लोगों में नाराजगी

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 11 मार्च।

जिला प्रशासन भले ही जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता होने का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। भिवाड़ी में गैस सिलेंडरों से भरी गाड़ी पहुंचने पर सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले चार दिनों से गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं और बुधवार सुबह करीब 4 बजे से ही लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन देर तक इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गैस की नियमित आपूर्ति नहीं होने से घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। लोगों का कहना है कि उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिलने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं गैस एजेंसी संचालक का कहना है कि एजेंसी पर गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और आपूर्ति भी नियमित की जा रही है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं की शिकायत है कि उन्हें सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। इधर जिले में गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराहट न फैलाएं। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में पूर्व की भांति नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय के अनुसार उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी ने भी जानकारी देते हुए बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर सोशल मीडिया के माध्यम से गैस की कमी को लेकर भ्रामक जानकारी फैलने से लोगों में अनावश्यक चिंता देखी जा रही है, जबकि वास्तविक स्थिति सामान्य है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर बुकिंग या संग्रह न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक कराएं। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित गैस एजेंसी या जिला प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।

हालांकि भिवाड़ी में सुबह से लगी लंबी कतारें और उपभोक्ताओं की परेशानियां प्रशासन के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर की ओर इशारा करती नजर आ रही हैं।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button