बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

ग्राम पंचायत कीतपाल में रात्रि चौपाल आयोजित

जिला कलक्टर श्री यादव ने सुनी जनसमस्याएं, मौके पर ही दिए समाधान के निर्देश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 25 फरवरी। बालोतरा जिले की ग्राम पंचायत कीतपाल में बुधवार को आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की समस्याओं को लेकर उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। चौपाल की अध्यक्षता जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर पानी, बिजली, सड़क, अतिक्रमण तथा राजस्व से संबंधित मुद्दे उठाए।

जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने एक-एक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिला कलक्टर श्री यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है। रात्रि चौपाल का उद्देश्य यही है कि शासन आपके द्वार तक पहुंचे और आपकी बात सीधे सुनी जाए। पेयजल, विद्युत, सड़क और राजस्व से जुड़े मुद्दे प्राथमिकता से निस्तारित किए जाएंगे। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

रात्रि चौपाल में पेयजल आपूर्ति की अनियमितता, विद्युत आपूर्ति में बाधा, ग्रामीण मार्गों की मरम्मत और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। जिला कलक्टर श्री यादव ने संबंधित विभागों को मौके पर ही जांच कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए तथा प्रगति की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जिला कलक्टर ने पात्र परिवारों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है और प्रशासन इसके लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे समस्याओं को तथ्यात्मक रूप से प्रशासन के समक्ष रखें और विकास कार्यों में सहयोग करें, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

रात्रि चौपाल में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, उपखंड अधिकारी अशोक कुमार, पचपदरा तहसीलदार गोपीकिशन पालीवाल सहित विद्युत, जलदाय, राजस्व और अन्य विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button