धर्मब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी में श्री राम सेवा समिति ने किया लावारिस शव का अंतिम संस्कार, मानवता की पेश की मिसाल

संवाददाता अरुण शर्मा, भिवाड़ी

 

भिवाड़ी।

आज के स्वार्थमय युग में जहां अधिकतर लोग अपने ही सगे-संबंधियों की जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लेते हैं, वहीं भिवाड़ी की श्री राम सेवा समिति लगातार मानवता और सेवा भावना की मिसाल पेश कर रही है। शुक्रवार को समिति ने एक बार फिर एक लावारिस शव का अंतिम संस्कार कर समाज के सामने संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया।

मिली जानकारी के अनुसार भिवाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत थड़ा गांव रोड पर पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति किसी बंद दुकान के पास मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। काफी प्रयासों के बावजूद जब शव की शिनाख्त नहीं हो सकी और किसी भी परिजन का पता नहीं चला, तो पुलिस ने श्री राम सेवा समिति से संपर्क किया।

समिति के प्रधान विनीत सिसोदिया ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, समिति की टीम तुरंत सक्रिय हुई और शव को श्मशान घाट ले जाकर हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों के अनुसार पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया गया।

इस अवसर पर प्रधान विनीत सिसोदिया ने कहा कि,

“यह केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि हमारी आत्मा का फर्ज है। इस धरती पर जन्म लेने वाले हर व्यक्ति की अंतिम यात्रा भी सम्मान के साथ होनी चाहिए।”

अंतिम संस्कार के दौरान विनीत सिसोदिया, विनोद कपूर, अरुण गौड़, देवेंद्र गर्ग, महावीर, चंद्रभान, शुभकरण, राजबीर, विजय गुप्ता, राहुल चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

श्री राम सेवा समिति का यह कार्य समाज में मानवता, करुणा और सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button