देशधर्मबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर: जोत भारती की 68वीं वर्षगांठ पर भव्य शिव कथा का आयोजन, भक्ति में डूबा शहर

बीकानेर से डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 02 अगस्त 2025 —
बीकानेर में स्थित सुप्रसिद्ध जोत भारती के धोरे पर जोत भारती जी की 68वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर भव्य शिव पुराण कथा का आयोजन किया गया। यह धार्मिक आयोजन पूज्य नारायण भारती जी के सान्निध्य में संपन्न हुआ, जिसमें पूरे शहर को शिव भक्ति के रंग में रंग दिया।
कथावाचक पूज्य संतोष सागर जी महाराज ने कथा के विश्राम दिवस पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों – सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, भीमाशंकर, काशी विश्वनाथ आदि की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा, “समस्त जगत के आराध्य भगवान शिव की कथा और आराधना से जीवन धन्य हो जाता है। यह मात्र श्रवण भी आत्मिक शांति और मोक्ष की ओर ले जाता है।”
इस पावन आयोजन के संयोजक समाजसेवी व गौसेवक नित्यानंद पारीक ने बताया कि शिव कथा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर शिव भक्ति में लीन होकर सच्चाई और सेवा के पथ पर चलने का संकल्प लिया।
कथा के समापन पर निरंतर सेवा में लगे कर्मियों – मनोज पारीक, उमाराम जाट, सादुल सिंह राठौड़, बजरंग सिंह भाटी, किशन खुड़िया, भंवरलाल नायक और राजू राम गोपाल राम को पूज्य संतोष सागर जी महाराज द्वारा दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
पारीक ने जानकारी दी कि रविवार, 3 अगस्त 2025 को रात्रि 9:30 बजे से जोत भारती के धोरे पर पूज्य गुरुदेव नारायण भारती जी के सान्निध्य में विशाल रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस जागरण में ब्रिम देव सरगरा की टीम सहित शहर के ख्यातिप्राप्त भजन गायकों की प्रस्तुतियाँ होंगी, जो भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर करेंगी।

Subscribe to my channel


