जोधपुरदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जोधपुर: नेमिनाथ भगवान का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति से मनाया गया

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जोधपुर, 29 जुलाई 2025 (सोमवार)
जोधपुर में जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ के जन्म और दीक्षा कल्याणक का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर के विभिन्न जैन मंदिरों में चैत्यवंदन, देववंदन, पूजा-अर्चना और अष्टप्रकारी पूजा का आयोजन किया गया।
जैन संघ के प्रवक्ता धनराज विनायकिया ने बताया कि भगवान नेमिनाथ के जन्मोत्सव पर बिराजित साधु-साध्वी वृंद के सान्निध्य में सामायिक, स्वाध्याय, तप-जप, प्रवचन और स्नात्र महोत्सव जैसे विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने प्रभु नेमिनाथ की महिमा का गुणगान करते हुए उनकी शिक्षाओं को आत्मसात किया।
प्रवचनों के दौरान मुनिजनों ने नेमिनाथ प्रभु के जीवन, संयम, करुणा और त्याग की गाथा को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि कैसे भगवान नेमिनाथ ने धर्म के प्रभाव से तीर्थंकर पद को प्राप्त किया और समाज को सत्य, अहिंसा और आत्मकल्याण का मार्ग दिखाया।
गोलियां जैन मंदिर, गुलाब नगर जैन मंदिर, क्रिया भवन, भेरूबाग जैन मंदिर, सरदारपुरा स्थित न्यायाधीश विनीत कोठारी का जिनालय, गिरनारी नेमिनाथ मंदिर सहित शहर के कई मंदिरों में प्रभु नेमिनाथ का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी धार्मिक स्थलों को भव्य रूप से सजाया गया और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
पूरे आयोजन में जैन समाज के लोगों ने गहरी आस्था और सहभागिता के साथ भाग लिया और प्रभु नेमिनाथ के उपकारों को स्मरण करते हुए जीवन में धार्मिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel


