अपराधउत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
12वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में दर्दनाक मौत टेढ़ीकुइया गांव में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

ब्यूरो चीफ सचिन कुमार कसौधन
बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के टेढ़ीकुइया गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 12 वर्षीय बालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृत बालिका की पहचान रहमानीनूर (12 वर्ष) पुत्री रिजवान के रूप में हुई है, जो हाल ही में अपने मामा के घर आई हुई थी।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह गांव के बाहर एक स्थान पर बालिका का शव मिला, जिसके शरीर पर कई स्थानों पर आवारा कुत्तों के नोंचने के निशान दिखाई दिए। घटना की जानकारी मिलते ही सोनहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इस मौत को संदिग्ध मान रही है। हत्या, आत्महत्या अथवा दुर्घटना – सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
ग्रामीणों और मृतका के मामा के अनुसार, रहमानीनूर शनिवार शाम से ही दिखाई नहीं दे रही थी, और परिवार ने उसे खोजने का प्रयास किया लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह उसका शव इस स्थिति में मिलने से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।सोनहा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। परिजन का भी बयान दर्ज किया जा रहा है।इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर से गांवों में सुरक्षा व्यवस्था और आवारा पशुओं के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Subscribe to my channel


