भनवापुर। भनवापुर ब्लॉक के विशुनपुर हरी में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण माता जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस संचार गतिविधि के दौरान, एएनएम साधना सिंह ने उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। उन्होंने विशेष रूप से ज़ोर देते हुए कहा कि सभी माताएं अपने पांच साल तक के बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। इसके साथ ही, उन्होंने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान अपना टीकाकरण और प्रसव पूर्व जांच नियमित रूप से कराने की सलाह दी, ताकि गर्भावस्था में आने वाली संभावित समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सके और उनका उचित निदान किया जा सके।
बैठक का औचक निरीक्षण करने पहुंचे अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने टीकाकरण से एक दिन पहले लाभार्थियों को बुलावा पर्ची वितरित करने और सभी निर्धारित जांचें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को स्वच्छता के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया। डॉ. ओझा ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है और सभी को शौच के बाद और खाना खाने से पहले अपने हाथों को अच्छी तरह से धोना चाहिए। उन्होंने घरों के आसपास सफाई रखने, हैंडपंपों के पास गंदा पानी जमा न होने देने और शुद्ध पेयजल का इस्तेमाल करने पर भी बल दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने, सुअर बाड़े को आबादी से दूर बनाने और लू से बचाव के लिए अधिक से अधिक पानी और नींबू पानी पीने का सुझाव दिया।अधीक्षक डॉ. ओझा ने दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और बीमार सदस्यों की सूची तैयार करने के लिए भी कहा। इस महत्वपूर्ण बैठक में दुर्गावती, राजेंद्र मिश्र, सरिता, रीना, रजनी, सुनीता, अनीता और विद्यावती सहित कई महिलाएं उपस्थित रही।