
महेंद्रगढ़ से सतीश कुमार की रिपोर्ट
(नारनौल 23, जनवरी) समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्या ने हिंदुओं के पवित्र धार्मिक ग्रंथ श्री रामचरितमानस को लेकर जो विवादित बोल बोले हैं उसको लेकर पूरे देश में हिंदु समाज में उबाल है। श्री गौड़ ब्राह्मण सभा जिला महेंद्रगढ़ के पूर्व प्रधान व श्री सनातन धर्म सभा नारनौल द्वारा संचालित सनातन धर्म शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन गोविंद भारद्वाज ने कहा कि समाजवादी पार्टी नेता स्वामी प्रसाद मौर्या को अपनी जुबान पर लगाम लगानी चाहिए। गोविंद भारद्वाज ने कहा कि श्रीरामचरितमानस पर हिंदुस्तान में बैन लगाने की बात कहकर मौर्या ने अपनी राजनीतिक हत्या कर ली है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, स्वामी प्रसाद मौर्या को तुरंत पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाए। इतना ही नहीं भारद्वाज ने कहा कि मौर्या को देश के किसी भी राजनीतिक दल में जगह नहीं मिलनी चाहिए। क्योंकि स्वामी प्रसाद मौर्या ने हिंदुओं के धार्मिक ग्रंथ श्रीरामचरितमानस पर सवाल उठाते हुए हिंदुस्तान में ही इस पर बैन लगाने की जो बात कही है उससे देश के करोड़ों करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर कुठाराघात हुआ है। भारद्वाज ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को भी इस पर अपनी स्थिति साफ करनी होगी।
Subscribe to my channel


