उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती में गांधी और शास्त्री जयंती धूमधाम से मनाई गई, राष्ट्रीय एकता और अहिंसा का संदेश दिया गया

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 02 अक्टूबर 2025। – पूरे जिले में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, राष्ट्रगान गाया गया और राष्ट्रीय एकता व अखंडता की शपथ दिलाई गई। दोनों महापुरुषों के चित्रों का अनावरण कर उन्हें पुष्प अर्पित किए गए।
मंडलायुक्त कार्यालय पर मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने राष्ट्रध्वज फहराया और सभागार में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन सादगी, सत्य और अहिंसा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों ने देश की जटिल परिस्थितियों का अध्ययन कर स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके जीवन से हमें नैतिकता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर सरस्वती बालिका शिशु मंदिर रामबाग की संगीत शिक्षिका पंखुड़ी मिश्रा के निर्देशन में छात्राओं प्रीति, निधि, प्रत्याशा, श्रेया, अदिति और रक्षिता ने गांधी जी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के लिए सभी को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कलेक्ट्रेट में महात्मा गांधी के 156वें जन्मदिवस पर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। सामूहिक राष्ट्रगान के बाद एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया और उनके जीवन के संदेश को वर्तमान संदर्भ में आत्मसात करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने गॉधी कला भवन में पहुँचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत “रघुपति राघो राजा राम” प्रस्तुत किया और जिलाधिकारी ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार व उपहार वितरित किए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, रश्मि यादव सहित अन्य अधिकारियों ने महापुरुषों के जीवन मूल्यों और सत्य, अहिंसा के मार्ग पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जगवीर सिंह, चंद्र प्रकाश शर्मा, जीतेन्द्र श्रीवास्तव, नाजिर जितेन्द्र श्रीवास्तव, रंजीत रंजन, मानवी सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सारांश: बस्ती में गांधी और शास्त्री जयंती को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया, जिसमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सत्य और अहिंसा का संदेश आमजन तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया।

Subscribe to my channel


