उत्तर प्रदेशखेलबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में 19 अक्टूबर को होगा 14वां बस्ती मैराथन
संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम से होगी शुरुआत, हजारों प्रतिभागियों की होने की संभावना

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 28 सितम्बर।
खेल और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ द्वारा लगातार 13 वर्षों से आयोजित किया जा रहा बस्ती मैराथन अब जिले की पहचान बन चुका है। इस वर्ष पुनः 14वां बस्ती मैराथन आगामी 19 अक्टूबर, रविवार को बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार इस बार करीब 5,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
मैराथन से पहले लोगों में फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जगाने हेतु “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 5 अक्टूबर, रविवार सुबह 7 बजे राजकीय इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम पर संपन्न होगा। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, नागरिक और शहर के गणमान्य लोग भाग लेंगे। प्रतिभागियों को कार्यक्रम उपरांत प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
बस्ती मैराथन का शुभारंभ 19 अक्टूबर को शास्त्री चौक से होगा। इसमें महिला और पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग पुरस्कार रखे गए हैं। वयस्क और विद्यार्थी दोनों वर्ग इसमें भाग ले सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क है और इसमें 14 वर्ष या उससे अधिक आयु का कोई भी इच्छुक व्यक्ति भाग ले सकता है।
आयोजन समिति के संयोजक भावेष पाण्डेय ने प्रेस वार्ता में कहा कि –
“बस्ती मैराथन युवाओं और नागरिकों के सहयोग से शुरू हुआ था। आज यह न सिर्फ बस्ती की, बल्कि पूरे देश में जिले की पहचान बन गया है। यह हम सबका कार्यक्रम है और इसकी सफलता सामूहिक प्रयास पर निर्भर करती है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि इस बार भी इसे और भव्य तथा यादगार बनाएं।”
बस्ती मैराथन आज केवल एक खेल आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि जिले की एकजुटता और उत्साह का प्रतीक बन चुका है। यही कारण है कि यह आयोजन पूरे पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बना चुका है।

Subscribe to my channel


