उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सरस्वती विद्या मंदिर बसहवां का भूमि पूजन एवं शिलान्यास

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 09 सितम्बर 2025।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बस्ती पहुंचे। उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बसहवां का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मॉ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्यमंत्री का स्वागत विधायक अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व विद्यालय परिवार ने किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिशु शिक्षा समिति की पुस्तक का विमोचन किया और अपने संबोधन में कहा कि “विद्या वह धन है, जो आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है। नानाजी देशमुख ने गोरखपुर से सरस्वती विद्या मंदिर की नींव रखी थी, आज देशभर में हजारों शिक्षण संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की दिशा में शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि बीते 8 वर्षों में 8.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि पुलिस विभाग में 60,000 से अधिक नए भर्ती हुए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि “प्रदेश ने इंसेफलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर नियंत्रण पाया है। ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश को बढ़ावा मिला है। हमें आत्मनिर्भर बनकर विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के सपने को साकार करना है।”
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा भजन और सरस्वती गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। अंत में विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस मौके पर गोसेवा आयोग उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, डीएम रवीश गुप्ता, एसपी अभिनंदन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel

