उत्तर प्रदेशऔरैयाब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
ब्रेकिंग न्यूज़: औरैया में नहर में डूबी महिला

मुरादगंज (जनपद औरैया), शुक्रवार 9 मई 2025:
आज एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई जब मुरादगंज नहर में एक महिला डूब गई। यह घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अपने मायके आई हुई थी और अपने भाई-बहनों को बचाने के प्रयास में नहर में डूब गई। महिला की एक 11 माह की मासूम बच्ची भी है, जो अब मां के बिना बिलख रही है।
शाम करीब 7:30 बजे इस घटना की सूचना नारी सबला शक्ति संगठन को मिली। सूचना मिलते ही संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रानी सेंगर मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। पूछताछ में पता चला कि परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाने की कोई पहल नहीं की।
जब रानी सेंगर ने मुरादगंज चौकी इंचार्ज से इस संबंध में बात की, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि “यहां कोई गोताखोर उपलब्ध नहीं हैं, कल बुलाएंगे।” प्रशासन की इस उदासीनता से आहत संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तुरंत औरैया जिला अधिकारी को अवगत कराया। इसके बावजूद रात 9 बजे तक घटनास्थल पर कोई गोताखोर नहीं पहुंचा।
इस दौरान पीड़ित गरीब परिवार रोता-बिलखता रहा और प्रशासन की लापरवाही साफ नजर आई। मौके पर संगठन की पदाधिकारी निर्मला राठौर, किरण देवी, आरती, पुष्पा देवी, शांति, सीमा, सुनीता समेत अन्य महिलाएं मौजूद रहीं और उन्होंने प्रशासन के रवैये पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हमारे सिस्टम में आम जनता की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है?
क्या प्रशासनिक तंत्र तब ही सक्रिय होता है जब कोई बड़ा हादसा हो चुका होता है?
नारी सबला शक्ति संगठन ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है और दोषियों पर कठोर कार्यवाही की मांग की है।

Subscribe to my channel


