उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
खेत बचाओ अभियान के तहत पखेरी में कृषक जागरूकता गोष्ठी आयोजित, 235 किसानों ने किया प्रतिभाग

बस्ती से वेदान्त सिंह
हर्रैया (बस्ती)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र बस्ती की ओर से सोमवार को हर्रैया ब्लॉक के ग्राम पखेरी में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषक जागरूकता एवं तकनीकी गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 235 किसान एवं कृषक महिलाओं ने प्रतिभाग कर टिकाऊ खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हर्रैया विधायक अजय सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि टिकाऊ कृषि ही पर्यावरण संरक्षण और किसानों की दीर्घकालिक समृद्धि की कुंजी है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता प्रभावित हो रही है और खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को जैव उर्वरक, जैविक खाद और संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन जैसी टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनानी चाहिए। इससे मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ कम लागत में अधिक शुद्ध मुनाफा प्राप्त किया जा सकता है।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. पी.के. मिश्रा ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से सब्जी उत्पादन तथा फलदार पौधों के बागवानी प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, जनपद के उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक आर.बी. सिंह ने समेकित पोषक तत्व प्रबंधन पर प्रकाश डालते हुए मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने यूरिया की टॉप ड्रेसिंग के समय नैनो यूरिया, राइजोबियम, पीएसबी एवं पोटाश सॉल्यूबलाइजिंग बैक्टीरिया के समन्वित प्रयोग के माध्यम से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की विधि बताई।
केंद्र के पौध संरक्षण वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर ने रबी फसलों में बीजोपचार के महत्व को समझाया। उन्होंने ट्राइकोडर्मा एवं स्यूडोमोनास जैसे जैविक उत्पादों के उपयोग के साथ मिट्टी की जैविक शक्ति बढ़ाने के लिए गोबर की खाद, वर्मीकंपोस्ट, हरी खाद तथा फसल अवशेषों के इन-सीटू प्रबंधन और मल्चिंग की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा राजकिशोर, तकनीकी सहायक संदीप कुमार शुक्ला, कुलदीप कुमार, ग्राम प्रधान घनश्याम वर्मा सहित कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


