उत्तर प्रदेशधर्मबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
छठ पूजा पर अमहट घाट पहुंचे डीएम और एसपी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 16 नवम्बर 2026।
छठ पूजा के द्वितीय दिवस सोमवार को प्रातःकाल जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अमहट घाट पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचे छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान साफ-सफाई और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घाट पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, ताकि छठ पूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
सोमवार की भोर में अमहट घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठी मइया की पूजा-अर्चना करने और उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचे। इस दौरान पूरा घाट छठी मइया के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री मानसी दहिया, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकान्त तिवारी, महिला थाना अध्यक्ष शालिनी सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


