बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
शिक्षा से ही स्वावलम्बन संभव – योगेश गहलोत

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 6 नवंबर। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं स्वावलम्बी बनाने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही जिले में दिव्यांग बच्चों के लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं पुनर्वास सुविधाएं विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। यह बात नगर परिषद बालोतरा के सभापति श्री योगेश गहलोत ने स्नेह मनोविकास विद्यालय (सवेरा बालोतरा) द्वारा आयोजित दीपावली उत्सव में कही।
गहलोत ने कहा कि शिक्षा ही दिव्यांग बच्चों के स्वावलम्बन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एवं पुनर्वास में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री मदनराज चोपड़ा ने कहा कि वर्तमान सरकार दिव्यांगजनों एवं वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशील है। हम सभी का प्रयास रहेगा कि दिव्यांग बच्चों के लिए शीघ्र ही एक स्थायी विद्यालय भवन का निर्माण हो सके।
पूर्व पार्षद श्री हीरालाल गोयल ने बताया कि पूर्व नगर परिषद कार्यकाल में विद्यालय के लिए भूमि चिन्हित की गई थी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चिन्हित भूमि शीघ्र संस्था को आवंटित होगी, जिससे विद्यालय भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा। महावीर इंटरनेशनल अपेक्स पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीए ओम प्रकाश बांठिया ने प्रेषित संदेश में सवेरा संस्थान की सराहना करते हुए नगर परिषद एवं जिला प्रशासन से उचित सहयोग हेतु अनुरोध किया।
सवेरा संस्था के सचिव श्री सत्यनारायण ने विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सात वर्ष पूर्व मात्र 12 दिव्यांग बच्चों के साथ शुरू हुआ यह विद्यालय आज 50 से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, भोजन, परिवहन, गणवेश एवं विभिन्न थेरेपी सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय पूरी तरह भामाशाहों एवं समाज के सहयोग से संचालित हो रहा है। उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं एवं दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री मदनराज चोपड़ा द्वारा बच्चों को उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता श्री कैलाश माहेश्वरी ने किया तथा सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भामाशाह श्री राहुल अग्रवाल, प्रधानाध्यापक श्री सुनील कुमार, श्री दीपक सैनी, श्री प्रवीण महाजन सहित संस्था के अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दीपावली उत्सव में बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए सभी ने दिव्यांग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं आत्मनिर्भरता के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

Subscribe to my channel


