बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

41 साल की सेवाओं के बाद सेवानिवृत्त हुए हरिराम जसोल, डाक विभाग और नगरवासियों ने नागरिक अभिनंदन कर दी भावभीनी विदाई

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

बालोतरा/जसोल, 3 नवंबर। भारतीय डाक विभाग के बाड़मेर मंडल के बालोतरा एलएसजी में कार्यरत रहे श्री हरिराम जसोल के सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन मंगलवार को बालोतरा में किया गया। इस अवसर पर डाक विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने उनका नागरिक अभिनंदन कर भावभीनी विदाई दी।

श्री हरिराम जसोल ने भारतीय डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक के रूप में 40 वर्ष, 10 माह और 21 दिन तक समर्पित भाव से सेवाएं दीं। उन्होंने 3 अक्टूबर 2026 को स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति ग्रहण की। इसी उपलक्ष्य में मंगलवार शाम 5 बजे डाक विभाग बालोतरा की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि बाड़मेर मंडल के डाक अधीक्षक श्री मुकेश कुमार सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि हरिराम जसोल ने अपने सेवाकाल के दौरान ग्रामीण डाक सेवकों की जायज मांगों को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मजबूती से उठाया। कर्मचारी हितों के साथ-साथ डाक विभाग के हित में उनके द्वारा किए गए कार्य अत्यंत सराहनीय रहे हैं।

कार्यक्रम में पूर्व डाक अधीक्षक श्री उदय सेजू, प्रमुख समाजसेवी श्री भंवर भंसाली, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मूलाराम सांखला, पूर्व बैंक मैनेजर श्री घेवर राम पांचल, पूर्व यूनियन नेता श्री गिरधारीलाल सुथार, श्री अरविंद कुमार माली, स्टेट अवार्ड सम्मानित श्री भेरूलाल नामा, राष्ट्रपति पुरस्कार सम्मानित श्री सालगराम परिहार, पूर्व प्रधानाचार्य श्री नारायणराम गेवा, बालोतरा एलएसजी पोस्टमास्टर श्री जीवराज गर्ग, डाक विभाग के निरीक्षक श्री मेघाराम मीणा तथा पचपदरा एसपीएम श्रीमती परमिला सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

सभी वक्ताओं ने हरिराम जसोल की लगभग 41 वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीण डाक सेवकों को सरकारी कर्मचारी घोषित करने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर निरंतर प्रयास किए। उनके योगदान को कर्मचारी हितों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

समारोह के दौरान श्री के.के. चारण ने अपनी मधुर आवाज में गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। डाक विभाग की ओर से मुख्य अतिथि श्री मुकेश कुमार सोनी, डाक निरीक्षक श्री मेघाराम मीणा, श्री सालगराम परिहार, श्री भेरूलाल नामा सहित अन्य अतिथियों का साफा एवं मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर डाक अधीक्षक श्री मुकेश कुमार सोनी ने हरिराम जसोल को साफा पहनाकर सम्मानित किया। वहीं डाक निरीक्षक श्री मीणा एवं पोस्टमास्टर श्री जीवराज गर्ग ने माल्यार्पण कर तथा शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि के साथ इस सम्मान का अनुमोदन किया। डाक विभाग के सहकर्मियों ने उन्हें स्मृति चिह्न, श्रीमद्भगवद्गीता एवं अन्य उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।

जसोल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरिराम जसोल के परिवार की बेटी देवी के नगर पार्षद बनने पर भी अतिथियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

समारोह में बाड़मेर एवं बालोतरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में डाक विभाग के कर्मचारी शामिल हुए। परिवारजनों की ओर से सभी अतिथियों के लिए स्वरुचि भोज की सुंदर व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हरिराम जसोल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कमला देवी द्वारा एक-दूसरे को माल्यार्पण करना रहा, जिसने समारोह को भावुक और यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन राजस्थानी भाषा में महेश ई. आशिया एवं सफरूखान जसोल ने किया।

इस प्रकार लंबे सेवाकाल के बाद हरिराम जसोल को सम्मान, स्नेह और शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button