बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
दिवेर युद्ध विजय महोत्सव के अवसर पर संभाग स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित
विजय योद्धा एवं कुशल प्रशासक के रूप में महाराणा प्रताप’ विषय पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए ओजस्वी विचार

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 17 सितंबर। दिवेर युद्ध विजय महोत्सव के अवसर पर राजकीय डूंगर महाविद्यालय में ‘विजय योद्धा एवं कुशल प्रशासक के रूप में महाराणा प्रताप’ विषय पर संभाग स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न महाविद्यालयों से आए 11 प्रतिभागियों ने भाग लेकर महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान, रण-कौशल एवं प्रशासनिक कुशलता पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रताप गौरव केंद्र, उदयपुर के प्रतिनिधि श्री रमन कुमार सूद ने महाराणा प्रताप के जीवन मूल्यों तथा दिवेर युद्ध की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रोफेसर नरेंद्रनाथ ने की। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर विक्रमजीत ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रोफेसर सुनीता गोयल, डॉ. महेंद्र कुमार थोरी एवं डॉ. इला चारण ने निभाई। कड़े मुकाबले के बाद राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर के छात्र निखिल चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय डूंगर महाविद्यालय की छात्रा संजू कंवर ने द्वितीय तथा नेहरू मेमोरियल कॉलेज, हनुमानगढ़ के छात्र कृष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को उनकी प्रभावी अभिव्यक्ति एवं ओजस्वी वक्तव्य के लिए सराहा गया।
कार्यक्रम के सफल संयोजन की जिम्मेदारी प्रोफेसर सुखाराम ने निभाई। एनएसएस के जिला संयोजक डॉ. घनश्याम बिठ्ठू की भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण सहभागिता रही। मंच संचालन डॉ. विजय प्रकाश ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति सदस्य डॉ. प्रकाश गर्ग, डॉ. शर्मिला पूनिया, डॉ. शेर सिंह कुड़ी एवं डॉ. महेंद्र सिंह का सक्रिय एवं सराहनीय योगदान रहा। अंत में कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर सुखाराम ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Subscribe to my channel


