उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 10 सितम्बर 2026। कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों के निर्यात को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने तथा स्थानीय किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और निर्यातकों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनपद में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) एवं उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यशाला में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 100 प्रगतिशील किसानों, किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रमुख निर्यातकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कृषि उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ग्रेडिंग, ब्रांडिंग, लॉजिस्टिक्स तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात की संभावनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता जिला एपीडा प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह लोधी ने प्रतिभागियों को वैश्विक बाजार में कृषि उत्पादों की मांग, आधुनिक पैकेजिंग तकनीक, लॉजिस्टिक्स तथा निर्यात के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एफपीओ को उद्यमिता से जोड़ने और किसानों को संगठित रूप से बाजार उपलब्ध कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर ने किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप फसल प्रबंधन के तौर-तरीकों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि एफपीओ के माध्यम से किसान संगठित होकर अपने उत्पादों की बेहतर ग्रेडिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर सकते हैं। इससे उन्हें बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सीधे उत्पाद बेचने का अवसर मिल सकता है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी।

कार्यशाला के दौरान केवीके प्रमुख आर.के. तोमर, वैज्ञानिक डॉ. आर.बी. सिंह, एलडीएम आर.एन. मौर्य तथा उपायुक्त एनआरएलएम श्रीमती आशा देवी ने भी किसानों को कृषि, बैंकिंग, ग्रामीण आजीविका एवं उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर उद्यान विभाग के पंकज कुमार मिश्र, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक सुभाष चन्द्र मिश्र, उद्यान निरीक्षक राजन कुमार गोंड, सहायक उद्यान निरीक्षक आशीष कुमार, सहायक उद्यान निरीक्षक अश्वनी सिंह, प्रधान चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रगतिशील किसानों और निर्यातकों की शंकाओं के समाधान के लिए प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने कृषि उत्पादों के निर्यात, बाजार, पैकेजिंग और अन्य व्यावहारिक विषयों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने समाधान किया।

कार्यशाला का समापन जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी ने किया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा बागवानी क्षेत्र में संचालित उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा किसानों से योजनाओं का लाभ उठाकर बागवानी एवं कृषि उत्पादों को निर्यात योग्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को जनपद में कृषि उद्यमिता, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button