बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
स्वस्थ समाज का आधार स्वस्थ नारी : डॉ. पुष्पा शर्मा
राजकीय डूंगर महाविद्यालय में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान एवं पीसीपीएनडीटी एक्ट जागरूकता रैली आयोजित

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 7 सितंबर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सोमवार को महाविद्यालय परिसर में पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं ध्यान विषय पर विशेष व्याख्यान, छात्राओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर तथा पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. स्मिता जैन ने की। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सोनू शिवा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और ध्यान उत्तम स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि का औपचारिक परिचय डॉ. उषा लामरोर ने प्रस्तुत किया।
*संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का आह्वान*
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चिकित्सक एवं समाजसेविका डॉ. पुष्पा शर्मा ने पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और ध्यान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को संतुलित आहार एवं स्वच्छता अपनाने के व्यावहारिक सुझाव दिए।
डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय की बदलती दिनचर्या, खान-पान की आदतें और मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग महिलाओं के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने छात्राओं को जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक एवं अत्यधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों से दूरी बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित मेडिटेशन को उपयोगी बताते हुए कहा कि ध्यान तनाव और विभिन्न प्रकार की चिंताओं से दूर रहने में सहायक है।
उन्होंने छात्राओं द्वारा पूछी गई स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान करते हुए आवश्यक परामर्श भी दिया।
*निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में छात्राओं का परीक्षण*
इस अवसर पर छात्राओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में डॉ. पुष्पा शर्मा ने बड़ी संख्या में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी उचित परामर्श प्रदान किया।
*कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध जागरूकता रैली*
कार्यक्रम के अंतर्गत कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम एवं बालिका अधिकारों का संदेश देने के उद्देश्य से पीसीपीएनडीटी एक्ट जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में छात्राओं एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बालिकाओं के संरक्षण, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनीता गोयल ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए निकिता कस्वा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. उमा राठौड़, डॉ. अनीता गोयल, डॉ. पूनम चारण, डॉ. पूजा चौधरी, डॉ. अर्चना पुरोहित एवं डॉ. छाया शर्मा सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel

