मछलीशहर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। यहां 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 के बीच संस्थागत 257 प्रसव में सामान्य प्रसव 214 तथा 43 सिजेरियन प्रसव (सी-सेक्शन) सफलतापूर्वक कराए गए।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व में डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ राजेश कुमार,डॉ. ए रहमान, डॉ. अर्पिता त्रिपाठी तथा डॉ. अमरेश अग्रहरि द्वारा इन प्रसवों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा प्रसूताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सीएचसी मछलीशहर में उपलब्ध बेहतर प्रसव एवं ऑपरेशन सुविधाओं के कारण अब बरसठी, सिकरारा, मड़ियाहूं, सुजानगंज, बादशाहपुर तथा प्रतापगढ़ जनपद से भी लाभार्थी यहां आकर प्रसव करा रहे हैं। इससे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रति आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते विश्वास का पता चलता है।
उल्लेखनीय है कि विगत वर्षों में सीएचसी में प्रतिमाह लगभग 12 से 15 सिजेरियन ऑपरेशन ही हो पाते थे। इसके मुकाबले वर्तमान में एक माह की अवधि में 43 सिजेरियन प्रसव होना स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार को दर्शाता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रसव सुविधा उपलब्ध कराना है। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम के समन्वित प्रयासों से सीएचसी में प्रसव सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।