ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजनीतिराजस्थान

भिवाड़ी में 17 अगस्त को होगा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस को लेकर मंथन, स्वामी विज्ञानानंद देंगे विस्तृत जानकारी

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी। हिंदू समाज के वैश्विक मंच वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के आगामी ऐतिहासिक सम्मेलन की सफलता और सार्थकता को लेकर 17 अगस्त को भिवाड़ी में विशेष मंथन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री एवं हिंदू इकोनॉमिक फोरम के संस्थापक स्वामी विज्ञानानंद जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।

मुंबई में आगामी 18 से 20 दिसंबर 2026 तक जियो कन्वेंशनल सेंटर में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इसी सम्मेलन के उद्देश्य, स्वरूप, विषय-वस्तु, सहभागिता और इसकी वैश्विक उपयोगिता को लेकर भिवाड़ी में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

65 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना

वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस को विश्व हिंदू समुदाय का एक अंतरराष्ट्रीय वैश्विक मंच बताया गया है। इसका आयोजन प्रत्येक चार वर्ष में किया जाता है। वर्ष 2014 में दिल्ली से शुरू हुए इस आयोजन का दूसरा सम्मेलन 2018 में शिकागो और तीसरा सम्मेलन 2023 में बैंकॉक में आयोजित हुआ था। अब वर्ष 2026 में इसका आयोजन मुंबई में होने जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, मुंबई सम्मेलन में 65 से अधिक देशों के करीब 4,500 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इस बार सम्मेलन का मुख्य विषय ‘सामानं वृतं सहचित्तम्’ रखा गया है, जिसका भावार्थ साझा संकल्प और सामूहिक दृढ़ता है।

सात समानांतर मंचों के माध्यम से वैश्विक संवाद

वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के अंतर्गत सात प्रमुख समानांतर मंचों के माध्यम से हिंदू समाज के विभिन्न क्षेत्रों में संवाद और विचार-विमर्श किया जाता है। इनमें हिंदू इकोनॉमिक फोरम, हिंदू एजुकेशन कॉन्फ्रेंस, हिंदू मीडिया कॉन्फ्रेंस, हिंदू पॉलिटिकल कॉन्फ्रेंस, हिंदू वूमेन कॉन्फ्रेंस, हिंदू यूथ कॉन्फ्रेंस और हिंदू ऑर्गेनाइजेशन कॉन्फ्रेंस शामिल हैं।

आयोजकों का कहना है कि ये मंच हिंदू समाज की विविधता, सृजनशीलता, उद्यमशीलता और सामाजिक सहभागिता को नई ऊर्जा देने का कार्य करते हैं।

17 अगस्त को बीआईआईए सभागार में होगा कार्यक्रम

वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के मुंबई सम्मेलन की विस्तृत जानकारी देने के लिए 17 अगस्त 2026 को दोपहर 3 बजे बीआईआईए सभागार, कहरानी, भिवाड़ी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री एवं हिंदू इकोनॉमिक फोरम के संस्थापक श्रद्धेय स्वामी विज्ञानानंद जी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के आयोजन के लिए एक समिति का गठन किया गया है। इसमें राम प्रकाश गर्ग को संयोजक तथा आर.के. गुप्ता को सहसंयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

उद्योग, व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र के लोगों को आमंत्रण

कार्यक्रम में भिवाड़ी क्षेत्र के विभिन्न औद्योगिक, व्यापारिक, सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों को आमंत्रित किया गया है। इनमें लघु उद्योग भारती की पांचों इकाइयां, बीआईआईए, बीएमए, बीसीसीआई, केकेआईए, व्यापार मंडल, हार्डवेयर संगठन, इलेक्ट्रिकल संगठन, सीए संगठन, टैक्स बार एसोसिएशन सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थान, चिकित्सक, महिलाएं और युवा शामिल हैं।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के वैश्विक स्वरूप और इसके विभिन्न आयामों से अवगत कराना तथा मुंबई में होने वाले सम्मेलन में सहभागिता के लिए वातावरण तैयार करना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी गई कार्यक्रम की जानकारी

17 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को भिवाड़ी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजकों ने आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा, वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के उद्देश्य और भिवाड़ी से सहभागिता को लेकर जानकारी साझा की।

आयोजकों ने क्षेत्र के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों से 17 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button