उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
कांवड़ यात्रा में सेवा को आगे आए व्यापारी संगठन, मेडिकल कैंप, भंडारे और वाटर बूथ लगाने का निर्णय
बस्ती में राज्य कर कार्यालय में हुई समन्वय बैठक, प्रशासन ने सुरक्षा एवं आवश्यक सहयोग का दिया भरोसा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 7 अगस्त 2026। आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा एवं श्रावण मेला को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं सेवा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर राज्य कर (जीएसटी) कार्यालय बस्ती में प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों की विशेष समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कांवड़ियों की सेवा के लिए कांवड़ मार्गों तथा प्रमुख घाटों के आसपास निःशुल्क मेडिकल कैंप, विशाल भंडारे और शुद्ध पेयजल के लिए वाटर बूथ स्थापित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपायुक्त/सहायक आयुक्त (प्रशासन) राज्य कर उपेंद्र यादव, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
व्यापारी संगठनों ने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ यात्रा मार्गों पर सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की प्रतिबद्धता जताई। मेडिकल कैंप के माध्यम से कांवड़ियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा वाटर बूथों के जरिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के भरतराम गुप्ता (बब्लू), युवा मोर्चा अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, बस्ती केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के सुनील कुमार गुप्ता, शीतला पटेल एवं आशुतोष राय, प्रांतीय उपाध्यक्ष जगदीश अग्रहरी, प्रभुप्रीत सिंह, सूर्य कुमार शुक्ला, सुनील कुमार गुप्ता तथा अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के सुभाष चंद्र शुक्ला सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारिक संगठनों की इस सामाजिक एवं धार्मिक सेवा पहल की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा एवं श्रावण मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
सेवा भाव से मजबूत होगी कांवड़ यात्रा की व्यवस्था
व्यापारी संगठनों की इस पहल से कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच समन्वय से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

Subscribe to my channel


