उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती मंडल को मिले नए मंडलायुक्त, वैभव श्रीवास्तव ने संभाला कार्यभार; पारदर्शिता और विकास को बताया प्राथमिकता

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 05 अगस्त 2026। बस्ती मंडल को नए मंडलायुक्त मिल गए हैं। लखनऊ में पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत आईएएस अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को सर्किट हाउस पहुंचकर बस्ती मंडल के मंडलायुक्त के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि बस्ती मंडल के तीनों जनपद बस्ती, सिद्धार्थनगर और संत कबीर नगर में चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा। साथ ही आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन संवेदनशील और सक्रिय रहेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज तिवारी, अपर आयुक्त (न्यायिक) सुरेंद्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, उमाकांत तिवारी, राजेश यादव, वैयक्तिक सहायक बजरंगबली पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
नवागत मंडलायुक्त के कार्यभार संभालने से बस्ती मंडल में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Subscribe to my channel


